उत्तराखंड में बर्फबारी और हिमस्खलन का खतरा, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

On: March 20, 2026 9:52 PM
Follow Us:
उत्तराखंड में बर्फबारी और हिमस्खलन का खतरा

देहरादून, 20 मार्च 2026। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अवलांच की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून द्वारा जारी सूचना के अनुसार Defence Geoinformatics Research Establishment (DGRE) चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के आधार पर दिनांक 20 मार्च 2026 शाम 5 बजे से 21 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक संवेदनशील क्षेत्रों में खतरा बना रहेगा।

जारी निर्देशों के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों को डेंजर लेवल-3 में रखा गया है, जबकि रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों को डेंजर लेवल-1 श्रेणी में रखा गया है। इन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के साथ अवलांच (हिमस्खलन) की संभावना जताई गई है।

प्रशासन की चेतावनी

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अधिक बर्फबारी की स्थिति में हिमस्खलन और बर्फ के खिसकने से खतरा बढ़ सकता है, जिससे जन-जीवन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

जारी किए गए प्रमुख निर्देश

  1. दिन और रात, दोनों समय आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी और हिमस्खलन की जानकारी लेते रहें।
  2. अत्यावश्यक होने पर ही बर्फ वाले क्षेत्रों में आवागमन करें, अन्यथा यात्रा से बचें।
  3. घरों, अस्थायी आवासों और गोशालाओं की छतों पर बर्फ जमा न होने दें, नियमित सफाई करते रहें।
  4. बर्फीले रास्तों पर चलते समय फिसलन से सावधान रहें।
  5. अधिक बर्फबारी वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोग अस्थायी रूप से निचले इलाकों की ओर जाने पर विचार करें।
  6. पुराने हिमस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें।

प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इन निर्देशों का पालन करें और इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

विनोद सिंह गढ़िया

विनोद सिंह गढ़िया इस पोर्टल के फाउंडर और कंटेंट क्रिएटर है। करीब 15 वर्षों से वे विभिन्न डिजिटल मंचों के माध्यम से उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपरा, पर्यटन आदि से जुड़े लेख और सम-सामयिक घटनाओं पर आधारित समाचार आप सभी तक पहुंचाते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment