कपकोट (उत्तराखंड): उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन दिनों पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बागेश्वर के कपकोट में राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता चल रही है। जहाँ रोमांच और उत्साह देखने लायक है। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी रहा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपने उड़ान कौशल और सटीक लैंडिंग क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
कपकोट में आयोजित इस पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में कुल 92 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से कुल 78 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच 55 प्रतिभागी चारों राउंड सफलतापूर्वक पूरा करने में सफल रहे, जो प्रतियोगिता के उच्च स्तर को दर्शाता है।
आसमान में रंग-बिरंगी छतरियों का अद्भुत नज़ारा
कपकोट के जालेख टेकऑफ प्वाइंट से उड़ान भरते पैराग्लाइडरों ने यहाँ के आसमान को रंग-बिरंगी छतरियों से सुसज्जित कर दिया। यह दृश्य स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रतियोगिता स्थल पर बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल है।

एडवेंचर टूरिज्म केंद्र के रूप में उभरता कपकोट
जानकारों का मानना है कि कपकोट जैसे दूरस्थ क्षेत्र में इस तरह का राष्ट्रीय स्तर के एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन इलाके को एक नयी पहचान दे रहा है और यह प्रतियोगिता आने वाले समय में एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उनका कहना है इस प्रकार के आयोजनों से कपकोट भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित हो सकता है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रतिभागियों को दिया गया तकनीकी और सुरक्षा प्रशिक्षण
इस प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण सत्र और सुरक्षा संबंधी विशेष मार्गदर्शन भी आयोजित किया गया। इससे प्रतियोगिता का संचालन अधिक पेशेवर और सुरक्षित तरीके से संभव हो सका।
कल होगा फ्री फ्लाइंग और पुरस्कार वितरण
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता के समापन अवसर पर फ्री फ्लाइंग शो के साथ विजेताओं का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
इस सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन, पर्यटन विभाग और आयोजन समिति की भूमिका सराहनीय रही, जिनके संयुक्त प्रयासों से कपकोट ने एडवेंचर स्पोर्ट्स मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है।







