नेशनल बुक ट्रस्ट, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार और उत्तराखण्ड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में देहरादून के परेड ग्राउंड में दून पुस्तक महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। जो शनिवार 4 से 12 अप्रैल 2026 तक चलेगा। जहाँ पुस्तकों, विचारों और संस्कृति के एक अनूठे संगम के रूप में पूरे देश के पाठकों, लेखकों और कलाकारों को एक मंच पर होंगे।
Doon Book Festival 2026
दून पुस्तक महोत्सव 2026 का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के द्वारा 4 अप्रैल 2026 की सुबह 10:30 बजे परेड ग्राउंड में किया जाएगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि प्रख्यात विद्वान आचार्य बालकृष्ण, नेशनल बुक ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. मिलिंद सुधाकर मराठे, राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत के निदेशक युवराज मलिक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में गढ़वाली और कुमाऊँनी सहित कई भाषाओं की लाखों पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं यहाँ 300 से अधिक स्टॉल्स लगाए जायेंगे, जहाँ विभिन्न भाषाओं की पुस्तकें प्रदर्शित की जाएँगी। इस महोत्सव का उद्देश्य लोगों में पढ़ने की आदतों को बढ़ावा देना और साहित्य को व्यापक जनसमुदाय के लिए सुलभ बनाना है।
पुस्तकों के अलावा, दून पुस्तक महोत्सव 2026 में बच्चों के लिए प्रतिदिन रोचक गतिविधियाँ होंगी, जिनमें स्टोरी टेलिंग सत्र, रचनात्मक कार्यशालाएँ, क्विज़ और इंटरैक्टिव सीखने के अनुभव शामिल हैं। इस महोत्सव में कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और म्यूजिकल कॉन्सर्ट भी होंगे।
इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण ‘दून साहित्य उत्सव’ है, जहाँ जाने-माने लेखक, फिल्मकार, विचारक और जानी-मानी हस्तियाँ पैनल चर्चाओं और इंटरैक्टिव सत्रों के ज़रिए पाठकों से जुड़ेंगी। ‘दून लिट फेस्ट’ के मुख्य आकर्षण के रूप में नितिन सेठ, कुलप्रीत यादव, अखिलेंद्र मिश्र, आचार्य प्रशांत, शुभांशु शुक्ला और लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ जैसी प्रतिष्ठित हस्तियाँ पैनल चर्चाओं में हिस्सा लेंगी।
इस दौरान वक्ता सिनेमा और साहित्य, दून घाटी से महिलाओं की आवाज़, वर्दी में नेतृत्व और साहस, भारत के अतीत में देशभक्ति और क्रांति, इंसान और मशीन के बदलते रिश्ते, और 1946 के नौसेना विद्रोह एवं सुभाष चंद्र बोस की विरासत जैसे ऐतिहासिक विषयों पर चर्चा करेंगे।
Timing
दून बुक फेस्टिवल 2026 में प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क है। वहीं टाइमिंग की बात करें तो यह उत्सव प्रातः 10:00 बजे से शाम 08:00 बजे तक चलेगा। आप सभी इस उत्सव में अपने बच्चों के साथ अवश्य पहुंचें।










