बागेश्वर। जिले के युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सेवायोजन विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल प्रारम्भ की गई है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग उत्तराखंड के विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के अंतर्गत मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों को विदेशी रोजगार से जोड़ने के लिए विदेशी भाषा प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए नए प्रशिक्षण बैच प्रारंभ किए जा रहे हैं।
इस योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जर्मनी में रजिस्टर्ड नर्स के पदों के लिए GNM या B.Sc नर्सिंग डिग्रीधारी जिनकी आयु 21 से 35 वर्ष के बीच है आवेदन कर सकते हैं। वहीं जापान में Caregiver (केयरगिवर) पद के लिए 12वीं पास, एएनएम और जीडीए (केवल महिला, आयु 18 से 27 वर्ष) अभ्यर्थी पात्र होंगे। इसके अलावा हॉस्पिटैलिटी (आतिथ्य) क्षेत्र में 12वीं उत्तीर्ण एवं होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा या डिग्री धारक जिनकी आयु 18 से 28 वर्ष के बीच है भी आवेदन कर सकते हैं।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी के अनुसार यह योजना युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करती है। चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का टेस्ट और इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को आवश्यक भाषा एवं कौशल प्रशिक्षण देने के बाद उन्हें संबंधित देशों में रोजगार से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे अपने यहां अध्ययनरत पात्र एवं इच्छुक छात्रों को इस योजना की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठा सकें। साथ ही संस्थानों से इच्छुक अभ्यर्थियों की सूची निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय बागेश्वर में संपर्क कर सकते हैं या दूरभाष नंबर 05963-220110 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
सरकार की यह पहल विशेष रूप से दूरस्थ एवं पर्वतीय इलाकों के युवाओं के लिए वैश्विक स्तर पर करियर बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।







