उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद में स्थित बिर्थी फॉल (Birthi Fall) हिमालयी क्षेत्र का एक बेहद खूबसूरत और आकर्षक झरना है, जो अपनी दूधिया धारा और मन को शांति का अनुभव कराने वाली पानी की बूंदों से भरी आने वाली हवा के झोंकों के साथ हर किसी को मंत्रमुग्ध कर देती है। यह स्थल प्रकृति की बेपनाह खूबसूरती का एक अद्भुत उदाहरण है, जहाँ शांति और रोमांच के साथ -साथ ट्रैकिंग, फोटोग्राफी, बर्ड वॉचिंग के शौक़ीन लोगों के लिए एक उपयुक्त पर्यटक स्थल है।
Birthi Falls : क्यों मिला यह नाम ?
यह झरना उत्तराखण्ड के खूबसूरत गांव बिर्थी के समीप स्थित है। इसीलिये इस झरने को ‘बिर्थी फॉल’ नाम मिला। स्थानीय लोग इसे छीड़ के नाम से जानते हैं। कुमाउनी भाषा में छीड़ ऊंचाई से गिरने वाली पानी की धारा को कहते हैं। यानी हिंदी में कहें तो झरना या जलप्रपात।
बिर्थी फॉल की प्रमुख खासियतें
- ऊँचाई: बिर्थी फॉल लगभग 126 मीटर (करीब 413 फीट) ऊँचा है। इतनी ऊंचाई से गिरता जल एक मनोहारी दृश्य हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है।
- ग्लास ब्रिज : बिर्थी फॉल में अब सुन्दर कांच का पुल भी बनाया गया है, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। यह ब्रिज पर्यटकों को झरने का शानदार और रोमांचक दृश्य दिखाता है, जहाँ से लगभग 13 मीटर (40 फीट) की ऊंचाई से झरने का खूबसूरत दृश्य दिखता है और वर्तमान यह एक लोकप्रिय सेल्फी पॉइंट बन गया है।
- स्थान: यह जलप्रपात प्रसिद्ध पर्यटक स्थल मुनस्यारी जाने वाले मार्ग पर स्थित है, जिस कारण यहाँ पहुँचना पर्यटकों के लिए बेहद ही आसान हो जाता है।
- प्राकृतिक दृश्य : झरने के चारों ओर फैले हरेभरे पहाड़ और घने जंगल इसकी सुंदरता में दोगुनी वृद्धि कर देते हैं। यहाँ का बेहद शांत वातावरण हर किसी के मन को सुकून देता है।
बिर्थी फॉल कैसे पहुँचे
बिर्थी फॉल तक सड़क मार्ग द्वारा पहुंचा जा सकता है। यहाँ पहुँचने के लिए बागेश्वर से दो प्रमुख मार्ग उपलब्ध हैं। पहला मार्ग कपकोट, भराड़ी, सामा और तेजम होते हुए मुनस्यारी की ओर जाता है, जो रोमांचक पहाड़ी रास्तों और मनोहारी दृश्यों से भरपूर है। दूसरा मार्ग कोटमन्या, चौकोड़ी, थल और तेजम से होकर बिर्थी गांव तक पहुँचता है।
- मुनस्यारी यहाँ का निकटतम प्रमुख पर्यटन स्थल है, जो बिर्थी फॉल से लगभग 35–40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
- पिथौरागढ़ से भी सड़क मार्ग द्वारा आसानी से बिर्थी फॉल पहुँचा जा सकता है।
पर्यटन, ट्रैकिंग और फोटोग्राफी
बिर्थी फॉल न केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यह ट्रैकिंग और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी एक बेहतरीन जगह है। यहाँ पर्यटक झरने के पास समय बिताकर प्रकृति की गोद में सुकून के कुछ पल व्यतीत कर सकते हैं। यदि आप यहाँ ठरते हैं तो सुबह के समय बर्ड वॉचिंग अवश्य करें।
बिर्थी फॉल घूमने का सही समय
- मानसून (जुलाई से सितंबर): इस समय झरना पूरे शबाब पर रहता है, हालांकि बारिश के समय यहाँ की सडकों पर ध्यानपूर्वक चलना होता है।
- मार्च से जून और अक्टूबर से नवंबर का समय यहाँ घूमने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है, जब मौसम सुहावना और रास्ते सुरक्षित रहते हैं।
क्यों जाएँ बिर्थी फॉल?
बिर्थी फॉल अपने शांत वातावरण, मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांचक अनुभव के कारण प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर यात्रियों के लिए एक उपयुक्त स्थान है। यदि आप हिमालय की गोद में सुकून और प्राकृतिक सौंदर्य दोनों का आनंद लेना चाहते हैं, तो बिर्थी फॉल आपकी यात्रा सूची में अवश्य सम्मिलित होना चाहिए।






